Job (39/42)  

1. क्या तुझे मालूम है कि पहाड़ी बक्रियों के बच्चे कब पैदा होते हैं? जब हिरनी अपना बच्चा जन्म देती है तो क्या तू इस को मुलाहज़ा करता है?
2. क्या तू वह महीने गिनता रहता है जब बच्चे हिरनियों के पेट में हों? क्या तू जानता है कि किस वक़्त बच्चे जन्म देती हैं?
3. उस दिन वह दबक जाती, बच्चे निकल आते और दर्द-ए-ज़ह ख़त्म हो जाता है।
4. उन के बच्चे ताक़तवर हो कर खुले मैदान में फलते फूलते, फिर एक दिन चले जाते हैं और अपनी माँ के पास वापस नहीं आते।
5. किस ने जंगली गधे को खुला छोड़ दिया? किस ने उस के रस्से खोल दिए?
6. मैं ही ने बियाबान उस का घर बना दिया, मैं ही ने मुक़र्रर किया कि बंजर ज़मीन उस की रिहाइशगाह हो।
7. वह शहर का शोर-शराबा देख कर हंस उठता, और उसे हाँकने वाले की आवाज़ सुननी नहीं पड़ती।
8. वह चरने के लिए पहाड़ी इलाक़े में इधर उधर घूमता और हरियाली का खोज लगाता रहता है।
9. क्या जंगली बैल तेरी ख़िदमत करने के लिए तय्यार होगा? क्या वह कभी रात को तेरी चरनी के पास गुज़ारेगा?
10. क्या तू उसे बाँध कर हल चला सकता है? क्या वह वादी में तेरे पीछे चल कर सुहागा फेरेगा?
11. क्या तू उस की बड़ी ताक़त देख कर उस पर एतिमाद करेगा? क्या तू अपना सख़्त काम उस के सपुर्द करेगा?
12. क्या तू भरोसा कर सकता है कि वह तेरा अनाज जमा करके गाहने की जगह पर ले आए? हरगिज़ नहीं!
13. शुतुरमुर्ग़ ख़ुशी से अपने परों को फड़फड़ाता है। लेकिन क्या उस का शाहपर लक़्लक़ या बाज़ के शाहपर की मानिन्द है?
14. वह तो अपने अंडे ज़मीन पर अकेले छोड़ता है, और वह मिट्टी ही पर पकते हैं।
15. शुतुरमुर्ग़ को ख़याल तक नहीं आता कि कोई उन्हें पाँओ तले कुचल सकता या कोई जंगली जानवर उन्हें रौंद सकता है।
16. लगता नहीं कि उस के अपने बच्चे हैं, क्यूँकि उस का उन के साथ सुलूक इतना सख़्त है। अगर उस की मेहनत नाकाम निकले तो उसे पर्वा ही नहीं,
17. क्यूँकि अल्लाह ने उसे हिक्मत से महरूम रख कर उसे समझ से न नवाज़ा।
18. तो भी वह इतनी तेज़ी से उछल कर भाग जाता है कि घोड़े और घुड़सवार की दौड़ देख कर हँसने लगता है।
19. क्या तू घोड़े को उस की ताक़त दे कर उस की गर्दन को अयाल से आरास्ता करता है?
20. क्या तू ही उसे टिड्डी की तरह फलाँगने देता है? जब वह ज़ोर से अपने नथनों को फुला कर आवाज़ निकालता है तो कितना रोबदार लगता है!
21. वह वादी में सुम मार मार कर अपनी ताक़त की ख़ुशी मनाता, फिर भाग कर मैदान-ए-जंग में आ जाता है।
22. वह ख़ौफ़ का मज़ाक़ उड़ाता और किसी से भी नहीं डरता, तल्वार के रू-ब-रू भी पीछे नहीं हटता।
23. उस के ऊपर तर्कश खड़खड़ाता, नेज़ा और शम्शीर चमकती है।
24. वह बड़ा शोर मचा कर इतनी तेज़ी और जोश-ओ-ख़ुरोश से दुश्मन पर हम्ला करता है कि बिगल बजते वक़्त भी रोका नहीं जाता।
25. जब भी बिगल बजे वह ज़ोर से हिनहिनाता और दूर ही से मैदान-ए-जंग, कमाँडरों का शोर और जंग के नारे सूँघ लेता है।
26. क्या बाज़ तेरी ही हिक्मत के ज़रीए हवा में उड़ कर अपने परों को जुनूब की जानिब फैला देता है?
27. क्या उक़ाब तेरे ही हुक्म पर बुलन्दियों पर मंडलाता और ऊँची ऊँची जगहों पर अपना घोंसला बना लेता है?
28. वह चटान पर रहता, उस के टूटे-फूटे किनारों और क़िलआबन्द जगहों पर बसेरा करता है।
29. वहाँ से वह अपने शिकार का खोज लगाता है, उस की आँखें दूर दूर तक देखती हैं।
30. उस के बच्चे ख़ून के लालच में रहते, और जहाँ भी लाश हो वहाँ वह हाज़िर होता है।”

  Job (39/42)