Exodus (14/40)  

1. तब रब्ब ने मूसा से कहा,
2. “इस्राईलियों को कह देना कि वह पीछे मुड़ कर मिज्दाल और समुन्दर के बीच यानी फ़ी-हख़ीरोत के नज़्दीक रुक जाएँ। वह बाल-सफ़ोन के मुक़ाबिल साहिल पर अपने ख़ैमे लगाएँ।
3. यह देख कर फ़िरऔन समझेगा कि इस्राईली रास्ता भूल कर आवारा फिर रहे हैं और कि रेगिस्तान ने चारों तरफ़ उन्हें घेर रखा है।
4. फिर मैं फ़िरऔन को दुबारा अड़ जाने दूँगा, और वह इस्राईलियों का पीछा करेगा। लेकिन मैं फ़िरऔन और उस की पूरी फ़ौज पर अपना जलाल ज़ाहिर करूँगा। मिस्री जान लेंगे कि मैं ही रब्ब हूँ।” इस्राईलियों ने ऐसा ही किया।
5. जब मिस्र के बादशाह को इत्तिला दी गई कि इस्राईली हिज्रत कर गए हैं तो उस ने और उस के दरबारियों ने अपना ख़याल बदल कर कहा, “हम ने क्या किया है? हम ने उन्हें जाने दिया है, और अब हम उन की ख़िदमत से महरूम हो गए हैं।”
6. चुनाँचे बादशाह ने अपना जंगी रथ तय्यार करवाया और अपनी फ़ौज को ले कर निकला।
7. वह 600 बेहतरीन क़िस्म के रथ और मिस्र के बाक़ी तमाम रथों को साथ ले गया। तमाम रथों पर अफ़्सरान मुक़र्रर थे।
8. रब्ब ने मिस्र के बादशाह फ़िरऔन को दुबारा अड़ जाने दिया था, इस लिए जब इस्राईली बड़े इख़तियार के साथ निकल रहे थे तो वह उन का ताक़्क़ुब करने लगा।
9. इस्राईलियों का पीछा करते करते फ़िरऔन के तमाम घोड़े, रथ, सवार और फ़ौजी उन के क़रीब पहुँचे। इस्राईली बहर-ए-क़ुल्ज़ुम के साहिल पर बाल-सफ़ोन के मुक़ाबिल फ़ी-हख़ीरोत के नज़्दीक ख़ैमे लगा चुके थे।
10. जब इस्राईलियों ने फ़िरऔन और उस की फ़ौज को अपनी तरफ़ बढ़ते देखा तो वह सख़्त घबरा गए और मदद के लिए रब्ब के सामने चीख़ने-चिल्लाने लगे।
11. उन्हों ने मूसा से कहा, “क्या मिस्र में क़ब्रों की कमी थी कि आप हमें रेगिस्तान में ले आए हैं? हमें मिस्र से निकाल कर आप ने हमारे साथ क्या किया है?
12. क्या हम ने मिस्र में आप से दरख़्वास्त नहीं की थी कि मेहरबानी करके हमें छोड़ दें, हमें मिस्रियों की ख़िदमत करने दें? यहाँ आ कर रेगिस्तान में मर जाने की निस्बत बेहतर होता कि हम मिस्रियों के ग़ुलाम रहते।”
13. लेकिन मूसा ने जवाब दिया, “मत घबराओ। आराम से खड़े रहो और देखो कि रब्ब तुम्हें आज किस तरह बचाएगा। आज के बाद तुम इन मिस्रियों को फिर कभी नहीं देखोगे।
14. रब्ब तुम्हारे लिए लड़ेगा। तुम्हें बस, चुप रहना है।”
15. फिर रब्ब ने मूसा से कहा, “तू मेरे सामने क्यूँ चीख़ रहा है? इस्राईलियों को आगे बढ़ने का हुक्म दे।
16. अपनी लाठी को पकड़ कर उसे समुन्दर के ऊपर उठा तो वह दो हिस्सों में बट जाएगा। इस्राईली ख़ुश्क ज़मीन पर समुन्दर में से गुज़रेंगे।
17. मैं मिस्रियों को अड़े रहने दूँगा ताकि वह इस्राईलियों का पीछा करें। फिर मैं फ़िरऔन, उस की सारी फ़ौज, उस के रथों और उस के सवारों पर अपना जलाल ज़ाहिर करूँगा।
18. जब मैं फ़िरऔन, उस के रथों और उस के सवारों पर अपना जलाल ज़ाहिर करूँगा तो मिस्री जान लेंगे कि मैं ही रब्ब हूँ।”
19. अल्लाह का फ़रिश्ता इस्राईली लश्कर के आगे आगे चल रहा था। अब वह वहाँ से हट कर उन के पीछे खड़ा हो गया। बादल का सतून भी लोगों के आगे से हट कर उन के पीछे जा खड़ा हुआ।
20. इस तरह बादल मिस्रियों और इस्राईलियों के लश्करों के दर्मियान आ गया। पूरी रात मिस्रियों की तरफ़ अंधेरा ही अंधेरा था जबकि इस्राईलियों की तरफ़ रौशनी थी। इस लिए मिस्री पूरी रात के दौरान इस्राईलियों के क़रीब न आ सके।
21. मूसा ने अपना हाथ समुन्दर के ऊपर उठाया तो रब्ब ने मशरिक़ से तेज़ आँधी चलाई। आँधी तमाम रात चलती रही। उस ने समुन्दर को पीछे हटा कर उस की तह ख़ुश्क कर दी। समुन्दर दो हिस्सों में बट गया
22. तो इस्राईली समुन्दर में से ख़ुश्क ज़मीन पर चलते हुए गुज़र गए। उन के दाईं और बाईं तरफ़ पानी दीवार की तरह खड़ा रहा।
23. जब मिस्रियों को पता चला तो फ़िरऔन के तमाम घोड़े, रथ और घुड़सवार भी उन के पीछे पीछे समुन्दर में चले गए।
24. सुब्ह-सवेरे ही रब्ब ने बादल और आग के सतून से मिस्र की फ़ौज पर निगाह की और उस में अब्तरी पैदा कर दी।
25. उन के रथों के पहिए निकल गए तो उन पर क़ाबू पाना मुश्किल हो गया। मिस्रियों ने कहा, “आओ, हम इस्राईलियों से भाग जाएँ, क्यूँकि रब्ब उन के साथ है। वही मिस्र का मुक़ाबला कर रहा है।”
26. तब रब्ब ने मूसा से कहा, “अपना हाथ समुन्दर के ऊपर उठा। फिर पानी वापस आ कर मिस्रियों, उन के रथों और घुड़सवारों को डुबो देगा।”
27. मूसा ने अपना हाथ समुन्दर के ऊपर उठाया तो दिन निकलते वक़्त पानी मामूल के मुताबिक़ बहने लगा, और जिस तरफ़ मिस्री भाग रहे थे वहाँ पानी ही पानी था। यूँ रब्ब ने उन्हें समुन्दर में बहा कर ग़र्क़ कर दिया।
28. पानी वापस आ गया। उस ने रथों और घुड़सवारों को ढाँक लिया। फ़िरऔन की पूरी फ़ौज जो इस्राईलियों का ताक़्क़ुब कर रही थी डूब कर तबाह हो गई। उन में से एक भी न बचा।
29. लेकिन इस्राईली ख़ुश्क ज़मीन पर समुन्दर में से गुज़रे। उन के दाईं और बाईं तरफ़ पानी दीवार की तरह खड़ा रहा।
30. उस दिन रब्ब ने इस्राईलियों को मिस्रियों से बचाया। मिस्रियों की लाशें उन्हें साहिल पर नज़र आईं।
31. जब इस्राईलियों ने रब्ब की यह अज़ीम क़ुद्रत देखी जो उस ने मिस्रियों पर ज़ाहिर की थी तो रब्ब का ख़ौफ़ उन पर छा गया। वह उस पर और उस के ख़ादिम मूसा पर एतिमाद करने लगे।

  Exodus (14/40)